हफसिली (मोकलपुर) में आग का तांडव: सागर में फिर फेल व्यवस्था, दमकल का इंतजार करते-करते जल गई पूरी फसल

 

सागर जनपद के पटवारी हल्का नंबर 117 अंतर्गत ग्राम हफसिली (मोकलपुर) में शुक्रवार को एक किसान के खेत में भीषण आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया।

किसान बबलू प्रसाद दुबे के खेत में लगी आग ने करीब 2 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल को पूरी तरह जलाकर खाक कर दिया।

 

आग पर ग्रामीणों ने पाया काबू

आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया।

ग्रामीणों और किसानों ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के कुओं में लगे मोटर पंपों के जरिए पानी डालकर घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय पर प्रयास नहीं किए जाते, तो आग अन्य खेतों तक भी फैल सकती थी।

 

दमकल नहीं पहुंची समय पर

ग्रामीणों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद दमकल विभाग को लगातार फोन किए गए, लेकिन मौके पर समय पर कोई राहत नहीं पहुंच सकी।

बताया गया कि बाद में बीजेपी से जुड़े स्थानीय नेताओं के हस्तक्षेप के बाद सुरखी नगर परिषद से अग्निशमन वाहन रवाना हुआ, लेकिन तब तक आग पर ग्रामीण स्वयं काबू पा चुके थे।

 

किसान को बड़ा आर्थिक झटका

इस आगजनी में किसान की पूरी फसल नष्ट हो गई, जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, किसान बबलू प्रसाद दुबे की जीविका मुख्यतः इसी फसल पर निर्भर थी, ऐसे में नुकसान का असर सीधे उसके परिवार पर पड़ेगा।

 

आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं

 

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आशंका जताई जा रही है कि तेज गर्मी या किसी चिंगारी के कारण आग भड़की हो सकती है।

 

 प्रशासन पर उठे सवाल

 

घटना के बाद एक बार फिर आपदा प्रबंधन और दमकल व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर दमकल पहुंचती, तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। 

 

प्रभावित किसान को तत्काल मुआवजा और क्षेत्र में दमकल व्यवस्था को मजबूत किए जाने की मांग ग्रामीणों ने उठाई है। 

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top