Home समाज सागर की सियासत में भावी वारिसों की दस्तक.. विधायक-मंत्री पुत्रों के बीच...

सागर की सियासत में भावी वारिसों की दस्तक.. विधायक-मंत्री पुत्रों के बीच सर्वाधिक सक्रिय इकलौती महिला वारिस बनीं प्रियंका पटेरिया

2
0

सागर। बुंदेलखंड की सियासत का केंद्र माने जाने वाले सागर जिले में इन दिनों राजनीतिक परिवारों की दूसरी पीढ़ी यानी भावी वारिसों की सक्रियता तेजी से बढ़ रही है। जिले की प्रमुख विधानसभा सीटों पर जहां विधायक और मंत्रियों के पुत्र अपने पिताओं की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए मैदान में हैं, वहीं इस पुरुष प्रधान सियासी समीकरण के बीच देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया की पुत्री प्रियंका पटेरिया जिले की एकमात्र महिला भावी वारिस के रूप में सबसे अलग और मुखर पहचान बनाती नजर आ रही हैं।

 

भावी वारिसों की कतार में अकेली महिला चेहरा…

सागर जिले के सियासी परिदृश्य पर नजर डालें तो राजनीतिक उत्तराधिकार की दौड़ में पुरुष चेहरों का दबदबा साफ दिखाई देता है। रहली से विधायक व पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव के पुत्र अभिषेक भार्गव संगठन और बूथ स्तर पर सक्रिय हैं। सुरखी में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के पुत्र आकाश सिंह राजपूत युवा संगठनों और विकास कार्यों के जरिए अपनी जमीन मजबूत कर रहे हैं, जबकि खुरई में पूर्व गृह मंत्री व विधायक भूपेंद्र सिंह के पुत्र अविराज सिंह ठाकुर युवा संवाद और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से भावी वारिस के रूप में सक्रिय हैं।

इन तमाम विधायक और मंत्री पुत्रों के बीच देवरी विधानसभा में प्रियंका पटेरिया एकमात्र ऐसी बेटी हैं, जो भावी वारिस के तौर पर प्रत्यक्ष राजनीतिक कमान संभाले हुए हैं।

 

क्या समय की नब्ज और सियासी माहौल को भांप चुकी हैं प्रियंका?..

सियासी गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा है कि प्रियंका पटेरिया की यह असाधारण सक्रियता महज संयोग नहीं, बल्कि समय की मांग और बदलते राजनीतिक परिवेश की गहरी समझ का परिणाम है। जानकारों के अनुसार, इसके पीछे तीन बड़े कारण नजर आते हैं

 

अवसर का सटीक आकलन…

भारतीय जनता पार्टी महिला आरक्षण (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) और संगठन से लेकर सदन तक महिलाओं को आगे लाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका की बात प्रमुखता से कर रही है। जानकारी अनुसार प्रियंका को इस सियासी माहौल का पूरा अहसास है। वे जानती हैं कि जिले के भावी वारिसों की कतार में वे इकलौती महिला हैं। यही वजह है कि वे अभिषेक भार्गव, आकाश राजपूत और अविराज सिंह ठाकुर जैसे पुरुष वारिसों की तुलना में भी कहीं अधिक राजनीतिक सक्रियता निभा रही हैं, ताकि महिला नेतृत्व की बात आने पर उनकी दावेदारी स्वाभाविक रूप से सबसे मजबूत रहे।

 

25 से 35 वर्ष की युवा श्रेणी में स्थान बनाने की कवायद..

भाजपा की मौजूदा कार्यप्रणाली में महिलाओं के साथ-साथ युवा चेहरों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। प्रियंका पटेरिया सबसे कम उम्र यानी 25 से 35 वर्ष की युवा श्रेणी में आती हैं। सियासी जानकारों का मानना है कि वे इसी आयु वर्ग और महिला वर्ग के दोहरे समीकरण के अनुरूप खुद को ढालते हुए जिले की राजनीति में उस स्थान को भरना चाहती हैं, जहां एक ऊर्जावान और युवा महिला नेत्री की जरूरत महसूस की जा रही है।

 

परंपरागत छवि तोड़ती जमीनी सक्रियता…

बुंदेलखंड की राजनीति में महिलाओं की भूमिका अक्सर परदे के पीछे या प्रतीकात्मक रही है, लेकिन प्रियंका इस परिपाटी को तोड़ती दिख रही हैं। वे देवरी के ग्रामीण अंचलों में लगातार दौरे, समर्थकों के साथ सीधी मौजूदगी और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के जरिए खुद को एक स्वतंत्र और सशक्त नेत्री के रूप में पेश कर रही हैं।

 

भविष्य की राह और चुनौतियां…

हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का यह भी मानना है कि सही समय पर सक्रिय होना और अवसर को भांपना प्रियंका की बड़ी ताकत जरूर है, लेकिन इसे स्थायी राजनीतिक पूंजी में बदलना उनकी असली परीक्षा होगी। जहां अभिषेक भार्गव और आकाश राजपूत जैसे भावी वारिस लंबे संगठनात्मक प्रबंधन और चुनावी अनुभव के दम पर अपनी जगह बना चुके हैं, वहीं प्रियंका के सामने खुद को एक परिपक्व संगठनकर्ता के रूप में स्थापित करने की चुनौती है। बीते दिनों कुछ स्थानीय विवादों को लेकर भी विपक्षी खेमे ने उनकी कार्यशैली पर सवाल उठाए थे। जानकारों के मुताबिक, यदि वे विवादों से दूरी बनाते हुए अपनी इस तेज सक्रियता को ठोस संगठनात्मक रूप देने में सफल रहती हैं, तो आगामी चुनावों में वे सागर जिले की राजनीति में एक मजबूत युवा महिला चेहरा बनकर उभर सकती हैं।