- ट्रेन आने से पहले QRF जवानों ने धक्का देकर हटाया लोडेड ट्रक, टली बड़ी रेल दुर्घटना
मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक पर ट्रैक के बीच बंद हो गया था मालवाहक ट्रक, समय रहते जवानों ने दिखाई तत्परता और साहस
सागर। मध्यप्रदेश पुलिस के QRF जवानों की तत्परता, साहस और टीम भावना ने शनिवार को एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना को टाल दिया। मकरोनिया-गुड़ा रेलवे फाटक के पास माल से लदा एक ट्रक अचानक रेलवे ट्रैक के बीच बंद हो गया। इसी दौरान ट्रेन के आने की स्थिति बन रही थी। खतरे को भांपते हुए मौके पर मौजूद QRF जवानों ने तत्काल ट्रक को ट्रैक से हटाने की कवायद शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर की QRF कंपनी दमोह के बांदकपुर मंदिर में कानून-व्यवस्था ड्यूटी के लिए रवाना हो रही थी। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास मालवाहक ट्रक रेलवे ट्रैक पर ही बंद हो गया। ट्रक पूरी तरह माल से लदा होने के कारण उसे हटाना आसान नहीं था।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए QRF जवानों ने बिना समय गंवाए मोर्चा संभाला। चालक की परेशानी को समझते हुए जवानों ने सामूहिक प्रयास शुरू किया और भारी-भरकम ट्रक को धक्का देकर रेलवे ट्रैक से हटाने में जुट गए। जवानों की एकजुटता और त्वरित कार्रवाई के चलते ट्रक को ट्रैक से सुरक्षित दूरी तक पहुंचा दिया गया।
ट्रेन आने से पहले ट्रैक हुआ सुरक्षित
QRF जवानों की समय पर की गई कार्रवाई के कारण ट्रेन के आने से पहले रेलवे ट्रैक खाली करा लिया गया। इससे संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद ट्रक चालक ने जवानों का आभार जताया।
वर्दी में ड्यूटी के साथ इंसानियत भी
इस घटना ने यह भी साबित किया कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है। संकट की स्थिति में नागरिकों की मदद के लिए आगे आना भी पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
बिना किसी औपचारिकता के जवानों ने तत्काल मदद का हाथ बढ़ाया और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया। चालक ने भी जवानों की तत्परता और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने की सराहना
QRF जवानों की असाधारण तत्परता, साहस, एकजुटता और मानवीय संवेदनशीलता की पुलिस अधीक्षक/सेनानी, 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर श्री अनुराग सुजानिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।
वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों की हौसला-अफजाई करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में बिना समय गंवाए सूझबूझ और साहस के साथ की गई कार्रवाई पुलिस की कर्तव्यनिष्ठा और सेवा भावना को प्रदर्शित करती है। जवानों को भविष्य में भी इसी तरह सजग, संवेदनशील और तत्पर रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
समय पर लिया गया सही निर्णय, एकजुट प्रयास और मानव जीवन के प्रति संवेदनशीलता ने एक संभावित बड़ी रेल दुर्घटना को टाल दिया।






