Home सागर हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को घर से मिली ब्लैक मनी,...

हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को घर से मिली ब्लैक मनी, 3.02 करोड़ रुपए जब्त

3
0

हथियार की तलाश में पहुंची पुलिस को घर से मिली ब्लैक मनी, 3.02 करोड़ रुपए जब्त

सागर। सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ फोटो वायरल होने के बाद गोपालगंज पुलिस जिस युवक के घर हथियार की तलाश में पहुंची, वहां पुलिस को हथियार तो नहीं मिला, लेकिन भारी मात्रा में नकदी देखकर टीम भी हैरान रह गई। पुलिस ने तिली तिराहे स्थित मकान से 3 करोड़ 2 लाख 14 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। अलमारी में 500-500 रुपए के नोटों के बंडल मिले। इतनी बड़ी रकम की गिनती के लिए पुलिस को नोट गिनने की मशीन तक मंगानी पड़ी।

पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर एक युवक की बंदूक के साथ फोटो सामने आई थी। फोटो के आधार पर युवक की पहचान सौरभ अधिकारी के रूप में हुई। इसके बाद गोपालगंज पुलिस उसके तिली तिराहे स्थित घर पहुंची और तलाशी ली। तलाशी के दौरान हथियार बरामद नहीं हुआ, लेकिन बड़ी मात्रा में नकदी मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

मशीन से कई घंटे चली नोटों की गिनती

घर से बरामद नकदी इतनी अधिक थी कि पुलिस को नोट गिनने के लिए मशीन बुलानी पड़ी। करीब 5 से 6 घंटे चली गिनती के बाद कुल रकम 3 करोड़ 2 लाख 14 हजार रुपए सामने आई। पुलिस ने रकम जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले में राजस्व विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।

PWD के रिटायर्ड इंजीनियर के रिश्तेदार का घर

रिपोर्ट के अनुसार जिस मकान से यह रकम बरामद हुई, वह PWD के रिटायर्ड एसई के रिश्तेदार का बताया गया है। पुलिस ने जब्त रकम के संबंध में परिवार के लोगों से पूछताछ की है। पुलिस के मुताबिक सौरभ अपने भाई अंकित और मां के साथ रहता है तथा दोनों भाई किराए की टैक्सी चलाने का काम करते हैं।

पुलिस का कहना है कि परिवार की ओर से रकम के संबंध में अलग-अलग दावे किए गए हैं। परिवार ने पुलिस को बताया कि यह पैसा रिश्तेदार रमेश कुमार अधिकारी का है, जो कोलार रोड भोपाल में रहते हैं। वे पीडब्ल्यूडी में सुपरिटेंडेंट इंजीनियर के पद से रिटायर हुए हैं।

जमीन और प्रॉपर्टी कारोबार से जुड़े होने का दावा

पूछताछ में परिवार की ओर से यह भी बताया गया कि रमेश अधिकारी ने नई जमीनें खरीदकर रखी थीं, जिनमें चार बैग में पूरी रकम रखी गई थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी नकदी का वास्तविक स्रोत क्या है और रकम घर तक कैसे पहुंची।

सागर एसपी के निर्देश पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जब्त रकम के स्रोत और उसके वैध होने की जांच के लिए लोकायुक्त या EOW को भी मामला सौंपा जा सकता है।

अब हथियार से ज्यादा बड़ी जांच नकदी के स्रोत की

पुलिस जिस कार्रवाई के लिए घर पहुंची थी, उसका आधार सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वायरल फोटो थी। लेकिन तलाशी में हथियार नहीं मिलने के बाद 3 करोड़ से ज्यादा नकदी बरामद होना अब पूरे मामले को अलग दिशा में ले गया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक सामान्य परिवार के घर इतनी बड़ी मात्रा में नकदी क्यों रखी गई थी और इस रकम का स्रोत क्या है।

पुलिस अब नकदी के स्रोत, बैंक खातों, संपत्ति लेन-देन और परिवार के बताए दावों की जांच करेगी।