सागर की बेटी अंजली चौहान का कमाल: IISc बेंगलुरु से एम.टेक., GATE AIR-13 के बाद प्रतिष्ठित कंपनी में चयन

 

 

पुलिस कंट्रोल रूम प्रभारी आर.के.एस. चौहान की पुत्री ने बढ़ाया जिले का मान, बेटियों के लिए बनी प्रेरणा

अंजली चौहान ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर सागर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। सागर पुलिस कंट्रोल रूम के प्रभारी उप निरीक्षक आर.के.एस. चौहान की पुत्री अंजली ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरु से एम.टेक. की डिग्री सफलतापूर्वक प्राप्त की है।

अंजली ने वर्ष 2023 में बी.टेक. के अंतिम वर्ष के दौरान GATE परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-13 हासिल कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई थी। इसी उपलब्धि के आधार पर उन्हें IISc बेंगलुरु में एम.टेक. में प्रवेश मिला। पढ़ाई पूरी करने के साथ ही उनका चयन एक प्रतिष्ठित कंपनी में आकर्षक पैकेज पर हुआ है।

चौहान परिवार की उपलब्धि यहीं तक सीमित नहीं है। अंजली के भाई वर्ष 2019 से भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) में वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। इस तरह परिवार ने शिक्षा, प्रतिभा और राष्ट्रसेवा का प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

व्यस्त पुलिस सेवा के बावजूद आर.के.एस. चौहान ने अपने बच्चों को उच्च शिक्षा, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का संस्कार दिया। अंजली की सफलता हजारों छात्र-छात्राओं, खासकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर सामने आई है।

दीक्षांत समारोह के अवसर पर परिवार ने इस सफलता का श्रेय अंजली की मेहनत, गुरुजनों के मार्गदर्शन, परिवार के विश्वास और ईश्वर की कृपा को दिया। पुलिस विभाग के अधिकारियों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने चौहान परिवार को बधाई देते हुए अंजली के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top