सागर-रहली मार्ग की सबसे बड़ी बाधा दूर होना शुरू, अधिग्रहित मकानों पर चली जेसीबी

 

सागर। लंबे समय से बाधित सागर-रहली मार्ग को सुचारु बनाने की दिशा में मंगलवार को बड़ा कदम उठाया गया। बम्होरी बीका में नेशनल हाईवे-44 के ओवरब्रिज की सर्विस रोड के लिए अधिग्रहित भूमि पर बने मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। मौके पर जेसीबी मशीनों की मदद से रास्ते में आ रही बाधाओं को दूर किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि ओवरब्रिज का निर्माण कार्य पहले ही पूरा हो चुका है, लेकिन सर्विस रोड के बीच भूमि और मकानों से जुड़ा मामला लंबे समय से अटका हुआ था। प्रभावित पक्षों को नियमानुसार मुआवजा राशि मिलने के बाद अब प्रशासन और एनएचएआई द्वारा अधिग्रहित भूमि का कब्जा लेकर मार्ग को पूरी तरह खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार बारिश का मौसम शुरू होने से पहले इस मार्ग को चालू करना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से शेष बाधाओं को तेजी से हटाया जा रहा है, ताकि सर्विस रोड का निर्माण और यातायात व्यवस्था दोनों सुचारु हो सकें।

गौरतलब है कि इस मुद्दे को लगातार स्थानीय स्तर पर उठाया जाता रहा। प्रशासनिक प्रक्रियाओं में तेजी आने के बाद राजस्व विभाग, एनएचएआई और जिला प्रशासन के समन्वय से अब मामला समाधान की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। नवागत कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी किए जाने के बाद अब उसका असर जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है।

मंगलवार को शुरू हुई यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि सागर-रहली मार्ग के सामने लंबे समय से बनी हुई सबसे बड़ी बाधा अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। यदि कार्य इसी गति से जारी रहा तो जल्द ही यह मार्ग पूरी तरह बाधामुक्त हो सकेगा।

 

https://www.facebook.com/share/r/1C7DqnvKhp/

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top