विद्यार्थियों को दिया तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण
सागर। तकनीकी शिक्षा संचालनालय, भोपाल के निर्देशानुसार सहोद्रा राय शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय सागर एवं ज्ञान सागर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के संयुक्त तत्वावधान में शैक्षणिक दक्षता एवं ज्ञान आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय तकनीकी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन RISHTA (Recruiting Industries Supporting Holistic Training with Alignment) योजना के अंतर्गत ज्ञान सागर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाय.पी. सिंह के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्यूनिकेशन विभाग के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने भाग लिया। विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग वर्कशॉप से संबंधित तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों के साथ कार्यशाला में उपयोग किए जाने वाले उपकरणों एवं उनके संचालन की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के संचालन में ज्ञान सागर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के अब्दुल कादिर का सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। सहोद्रा राय शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष एवं ट्रेनिंग प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. मयंक कुमार रुसिया ने कार्यक्रम के समन्वय की जिम्मेदारी संभाली।
डॉ. रुसिया ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्र एवं रोजगार की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. जैन ने कहा कि तकनीकी शिक्षा में सैद्धांतिक ज्ञान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को तकनीकी जानकारी को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ने का अवसर मिलता है।
ज्ञान सागर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के डायरेक्टर डॉ. रितुल सराफ ने कहा कि तकनीकी शिक्षा को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करना आवश्यक है। व्यावहारिक प्रशिक्षण से विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता और समस्या समाधान की क्षमता विकसित होती है।
प्रशिक्षण में शामिल विद्यार्थियों ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें पाठ्यक्रम से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी मिली, जो आगे की पढ़ाई और रोजगार में उपयोगी रहेगी।





