सागर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत बम्होरी बीका स्थित NH-44 पर एक बार फिर तेज रफ्तार और अव्यवस्थित सड़क व्यवस्था का खतरनाक नतीजा देखने को मिला। निर्माणाधीन ओवरब्रिज के पास हाइवा और कंटेनर के बीच भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाइवा चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद स्थानीय निवासी मनोज ठाकुर ने अपने ट्रैक्टर से रस्सी बांधकर क्षतिग्रस्त केबिन को खींचा। काफी मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को सागर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के कारण NH-44 पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल केवल इस दुर्घटना का नहीं है। सवाल यह है कि आखिर बम्होरी बीका में बार-बार यही हादसे क्यों हो रहे हैं?
स्थानीय लोगों के अनुसार यह इस स्थान पर छठी या सातवीं बड़ी दुर्घटना है। आरोप है कि निर्माणाधीन ओवरब्रिज से उतरते समय बनाए गए स्पीड ब्रेकर पर न तो पर्याप्त रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं, न स्पष्ट रोड मार्किंग है और न ही समय रहते चेतावनी देने वाले संकेतक। ऐसे में तेज रफ्तार से आ रहे भारी वाहन अचानक ब्रेक लगाने को मजबूर हो जाते हैं और पीछे से आ रहे दूसरे वाहन टक्कर का शिकार बन जाते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस हाइवा का हादसा हुआ, वह ओवरब्रिज निर्माण में उपयोग होने वाला मटेरियल लेकर जा रहा था। भारी लोड होने के कारण वह अचानक ब्रेक नहीं लगा सका और सामने ब्रेकर पर धीमे हुए कंटेनर से जा टकराया।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि स्पीड ब्रेकर के आसपास बने बड़े गड्ढे भारी वाहनों का संतुलन और बिगाड़ देते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
आपको बता दें यहां सड़क पर सुरक्षा मानकों, संकेतकों और रखरखाव में में बेहद कमी और लापरवाही देखने मिल रही है। जो निगरानी व्यवस्था और संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। टोल टैक्स वसूला जाता है तो यात्रियों को सुरक्षित सड़क उपलब्ध कराना भी उतनी ही बड़ी जिम्मेदारी है।https://www.facebook.com/share/v/1Hi6JSxTL2/
संबंधित विभाग, निर्माण एजेंसी और हाईवे प्रबंधन इस ब्लैक स्पॉट का तकनीकी निरीक्षण कराएं, सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा करे। क्योंकि यदि समय रहते सुधार नहीं हुए, तो बम्होरी बीका का यह हिस्सा आगे भी जानलेवा साबित हो सकता है।