Home सागर नाबालिग को ब्लैकमेल कर कराई घर में 54 लाख की चोरी! जान...

नाबालिग को ब्लैकमेल कर कराई घर में 54 लाख की चोरी! जान से मारने की धमकी देकर बनवाया चोरी का मोहरा

2
0

नाबालिग को ब्लैकमेल कर कराई घर में 54 लाख की चोरी! जान से मारने की धमकी देकर बनवाया चोरी का मोहरा

बीना। सागर जिले की बीना पुलिस ने चोरी के एक ऐसे गंभीर मामले का खुलासा किया है, जिसमें आरोपियों ने कथित तौर पर एक नाबालिग को ब्लैकमेल कर और जान से मारने की धमकी देकर उसी के परिवार के घर में चोरी कराई। पुलिस के अनुसार आरोपी नाबालिग पर लगातार दबाव बनाते रहे और उससे घर में रखे लाखों रुपये नकद तथा कीमती सोने के आभूषण निकलवाते रहे।

पुलिस ने इस मामले में लगभग 250 ग्राम सोने के आभूषण और अन्य सामान सहित कुल करीब 54.37 लाख रुपये का मशरूका बरामद करने का दावा किया है। मामले में बीना निवासी आयुष मैना और गुना निवासी अंकुश बाल्मीक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार फरियादी परिवार वर्तमान में अपने नए मकान में रह रहा था, जबकि पुराने पैतृक मकान में नकद राशि, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। 17 जून 2026 को परिवार जब पुराने मकान में रखे सामान की जांच करने पहुंचा तो नकदी और कीमती सामान गायब मिला। इसके बाद थाना बीना में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल की जांच, आसपास के लोगों से पूछताछ, संदिग्धों की तस्दीक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान पुलिस के सामने यह महत्वपूर्ण तथ्य आया कि फरियादी परिवार के एक नाबालिग को कथित रूप से ब्लैकमेल किया जा रहा था और उसे जान से मारने की धमकी देकर दबाव बनाया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक इसी दबाव का फायदा उठाकर नाबालिग से उसके ही परिवार के घर में चोरी कराई गई।

जांच के बाद पुलिस ने बीना निवासी आयुष मैना को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा फरियादी परिवार से लगभग 13 लाख रुपये नकद और करीब 40 तोला सोने के आभूषण लिए जाने की जानकारी सामने आने का पुलिस ने दावा किया है।

आरोपी ने कथित तौर पर चोरी से प्राप्त नकदी से महंगे वाहन, मोबाइल फोन, घरेलू उपकरण और अन्य सामान खरीदा। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खरीदे गए वाहनों और अन्य सामान को बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार चोरी के सोने के आभूषण आरोपी ने अपने मामा अंकुश बाल्मीक, निवासी गुना को दे दिए थे। इसके बाद पुलिस ने अंकुश को भी गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से करीब 250 ग्राम सोने के आभूषण बरामद किए।

बरामद सोने में हार, चेन, ब्रेसलेट, अंगूठियां, पेंडल, सोने की गिन्नी, कड़े और मंगलसूत्र सहित अन्य आभूषण शामिल हैं। पुलिस ने इनकी अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई है।

वहीं आयुष मैना से पुलिस ने कथित तौर पर चोरी की रकम से खरीदा गया आईफोन 17 प्रो मैक्स, आईफोन 15, हुंडई वरना कार, रॉयल एनफील्ड बुलेट, मारुति सुजुकी अर्टिगा, एसी, एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, फर्नीचर और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार अन्य बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 16.37 लाख रुपये है।

इस तरह पुलिस ने मामले में कुल 54.37 लाख रुपये कीमत का मशरूका बरामद करने का दावा किया है।

मामले में आरोपी आयुष मैना और अंकुश बाल्मीक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। वहीं पुलिस ने आरोपी सतीश अहिरवार निवासी शिवाजी वार्ड बीना और मोनू पाल निवासी गुना के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के आदेशानुसार जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना जयवीर सिंह भदौरिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी बीना अजय कुमार सनकत के नेतृत्व में थाना बीना पुलिस ने इस प्रकरण की जांच और कार्रवाई की।

इस पूरे मामले की सबसे गंभीर बात यह है कि जिस नाबालिग को उसके परिवार की सुरक्षा और संरक्षण में होना चाहिए था, पुलिस जांच के अनुसार उसी को कथित रूप से ब्लैकमेल और धमकियों के जरिए अपने ही घर की चोरी का माध्यम बना दिया गया।